टीकमपार के ताल में तेत पछुआ से लगी आगऋ संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। थाना क्षेत्र के ग्राम टीकमपार के ताल में तेज पछुआ हवा के बीच बुधवार को दिन में 11 बजे डंठल में आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए गांव की तरफ बढ़ने लगी। इसे बुझाने में कई गांव के लोग घंटों परेशान रहे। सूचना पाकर पहुंची भाटपाररानी, खामपार तथा बनकटा थाने की फोर्स, फायर ब्रिगेड के साथ पहुंच गई। घंटों मशक्कत के बाद आग गांव के बाहर किसी तरह बुझा ली गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
सोहनपार गांव के बाहर डंठल में आग लग गई। तेज पछुआ हवा से आग तेजी से फैली और टीकमपार ताल में पहुंच गई। जहां सैकड़ों एकड़ गेहूं की डंठल में आग लगी। वहां से आग तेजी से ताल किनारे ग्राम टीकमपार, गौतमा, पहाड़पुर, पुरैना, अहिरौली तिवारी की तरफ बढ़ने लगी। आग के विकराल रूप को देखकर गांव के लोग दहशत में आकर बाहर आ गए। सूचना पाकर पुलिस बल भी अग्निशमन गाड़ी के साथ पहुंच गई। ताल में लगे पंपिंग सेट व दमकल की गाड़ी चार से पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गांव के निकट आग बुझा पाई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक यादव, प्रधान रामनारायण, धीरेंद्र तिवारी, लाल मुहम्मद आदि ने स्थानीय प्रशासन से डंठल जलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। एसओ भाटपाररानी प्रभुदयाल सिंह ने बताया कि आग गांव में नहीं प्रवेश कर पाई। ऐसे में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। आग किसने लगाई इसका पता लगाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।