सलेमपुर। लूट की झूठी कहानी रचने वाले सेल्समैन को कोतवाली पुलिस ने शनिवार को मेडिकल परीक्षण कराने के बाद जेल भेज दिया। दुकानदार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना के दौरान सीसी टीवी कैमरा के माध्यम से घटना का खुलासा किया था। थाना भटनी के सकरापार गांव निवासी संजय कुमार भारती पुत्र विक्रम प्रसाद सोहनाग रोड स्थित संतोष कुमार गुप्ता पुत्र रामप्रसाद के दुकान पर रह कर सेल्समैन का कार्य करता है। मंगलवार की शाम लगभग सात बजे नदावर पुल के बंधे के समीप सलेमपुर जाते समय उसने लूट का नाटक रच दिया। जिस दुकान पर वह रहता था, उससे बताया कि चार अज्ञात लोगों द्वारा चाकू दिखाकर बीस हजार रुपए और मोबाइल लूट लिया गया है। इसकी खबर मिलते ही एसपी विक्रांत वीर एडिशनल एसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह सीओ दीपक शुक्ला मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। इस मामले में संतोष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चार लोगों के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी। विवेचना के दौरान कोतवाली पुलिस ने नदावर पुल के बगल में लगे सीसी टीबी कैमरा को बारीकी से देखा। जिसमें साफ दिखाई दिया कि बाइक सवार सेल्समैन अकेले आ रहा है। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया की झूठी साजिश रचने पर संजय के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पैसा और मोबाइल फोन भी बरामद करने के बाद जेल भेज दिया गया।