- ड्यूटी से घर जा रहे चौकीदार से बाइक व नकदी लूट का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। रास्ता पूछने के बहाने चौकीदार को मारपीट कर बाइक और नकदी लूटने वाले बदमाशों की तीसरे दिन भी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मुखबिरों को सक्रिय कर बिहार के समीपवर्ती गांवों के बदमाशों की लोकेशन पता करने में जुटी है। साथ ही चौकीदार से गांव में किससे विवाद है और वह वारदात के वक्त कहां मौजूद रहे, इसका भी पता किया जा रहा है।
इसके अलावा पुलिस वारदात स्थल के पास स्थित पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी है। ताकि बदमाशों की पहचान हो सके और उन्हें पकड़ने में कामयाबी मिल सके, लेकिन काफी जांच के बाद भी पुलिस के हाथ जहां खाली हैं, वहीं लूट की वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामले में एसपी ने स्थानीय थाने के अलावा एसओजी को बदमाशों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
भटनी के फतेहपुर गांव निवासी सलीम अंसारी थाने के चौकीदार हैं। शनिवार की आधी रात को थाने से ड्यूटी खत्म करके वह बाइक से घर लौट रहे थे। बनकटा शिव गांव के पास पेट्रोल के निकट बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक कर भटनी बाजार जाने का रास्ता पूछा। बदमाशों ने चौकीदार की पिटाई करने के बाद बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद चार की संख्या में बदमाश बिहार की तरफ भाग गए। एसपी संकल्प शर्मा ने स्थानीय थाने के प्रभारी निरीक्षक और एसओजी प्रभारी को बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया है। सीओ भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित से पूछताछ और घटना स्थल से मिले साक्ष्य के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश चल रही है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।