खलिहान से अतिक्रमण जेसीबी से हटवाया
पुलिस से महिलाओं की हुई नोकझोंक, थाना क्षेत्र के भरथा पट्टी गांव में हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। हाईकोर्ट के आदेश पर थाना क्षेत्र के भरथा पट्टी गांव में शनिवार को पुलिस प्रशासन ने खलिहान पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया। जेसीबी लेकर पहुंचे पुलिस और प्रशासन से अवैध कब्जाधारियों खासकर महिलाओं ने इसके विरोध में हंगामा किया। आधे घंटे की नोकझोंक के बाद भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने अतिक्रमण हटवाने में सफलता हासिल की।
रामपुर कारखाना क्षेत्र के भरथा पट्टी गांव निवासी गयासुद्दीन आजम पुत्र नजीरुद्दीन ने खलिहान की जमीन में अवैध अतिक्रमण की शिकायत वर्ष 2019 में की थी। समाधान दिवस और तहसील दिवस में मामले की सुनवाई नहीं किए जाने पर शिकायतकर्ता ने कोर्ट की शरण ली। हाईकोर्ट के निर्देश पर शनिवार को नायब तहसीलदार रमेश चंद्र गुप्ता व यदुवंश यादव और इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय जेसीबी, फायर ब्रिगेड वाहन व भारी संख्या में फोर्स के साथ गांव पहुंचे। अतिक्रमण हटाने के लिए महिलाओं ने मोहलत देने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आधे घंटे की नोकझोंक के बाद जेसीबी से मैनुद्दीन का मकान तोड़ना शुरू कर दिया गया। यह देख मुस्लिम पुत्र मुंशी, अय्यूब पुत्र अनवारूल हक और जैनुद्दीन पुत्र तैयब ने खुद ही मकान तोड़ने का बात कहते हुए एक दिन का मौका ले लिया। जेसीबी से आमिर उल्लाह, समीउल्लाह का मकान भी तोड़ दिया। गया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।