- चार पालियों में 16 केंद्रों पर दो दिन होगी यूपीपी आरक्षी भर्ती परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा शहर में शनिवार से दो दिन होगी। इसमें 30 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया है, जबकि प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2023 शहर में दो दिन होगी। 30 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के अलावा उनके अभिभावक व वाहनों के आने से यह स्थिति आएगी। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पुलिस ने छोटी गाडि़यों को ही शहर में प्रवेश देने की अनुमति दी है। सुबह सात से रात्रि नौ बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा।
टीएसआई भूपेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए यातायात संचालन में कुछ बदलाव किए गए हैं। छोटी गाड़ियों को ही शहर में प्रवेश करने की अनुमति होगी। चौक-चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। शहर में जितने कट हैं, वहां विशेष प्रबंध होंगे। जब परीक्षार्थी छूटेंगे तभी ज्यादा भीड़ होगी। इस समय यातायात पुलिसकर्मी अधिक मुस्तैद रहेंगे। गोरखपुर ओवरब्रिज व रुद्रपुर मोड़ के पास ही अवैध ई-रिक्शा नहीं प्रवेश कर पाएंगे। डीएल, फिटनेस की जांच के बाद ही अंदर आने दिया जाएगा। कोई अंदर आ गया ताे उसका चालान तय है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी की भी तैनाती की गई है।
-
ड्रोन एवं जैमर की निगरानी में होगी परीक्षा
-30, 240 परीक्षार्थी होंगे शामिल, 6 सेक्टर व 16 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात
देवरिया। यूपीपी नागरिक आरक्षी भर्ती परीक्षा 17 एवं 18 फरवरी को जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर चार पालियों में आयोजित होगी, जिसमें 30,240 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रथम पाली की परीक्षा 10 से 12 तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 3 से 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए छह सेक्टर, 16 स्टेटिक एवं 16 केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं।
जीआईसी परिसर में शुक्रवार को प्रधानाचार्य पीके शर्मा की देखरेख में कक्ष निरीक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। मौके पर पहुंचे डीआईओएस वीरेंद्र प्रताप सिंह व एडीआईओएस महेंद्र प्रसाद ने तैयारियों की जांच की। उधर जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि नागरिक आरक्षी भर्ती परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण परीक्षा है। इसमें किसी भी स्तर पर कोताही क्षम्य नहीं होगी। सभी केंद्रों के परीक्षा कक्षा में सीसीटीवी अनिवार्य रूप से क्रियाशील होंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था भी की जाएगी। किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पूर्व परीक्षार्थियों का प्रवेश प्रारंभ हो जाएगा। प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और बायोमेट्रिक जांच के बाद ही परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति मिलेगी। समस्त केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर दृश्य स्थलों पर सीटिंग प्लान चस्पा करना सुनिश्चित करेंगे।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गेट पर ही क्लॉक रूम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं शौचालय इत्यादि की जांच करा लें। जांच के उपरांत ही परीक्षार्थी को प्रवेश दिया जाए। दो फ्लाइंग स्क्वायड का भी गठन किया गया है जो परीक्षा की अवधि में भ्रमणशील रहेगी।
परीक्षा की मॉनिटरिंग शीर्ष स्तर से की जा रही है। किसी भी तरह के लापरवाही की गुंजाइश नहीं है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन शासन की मंशा के अनुरूप करना सुनिश्चित करेंगेे।
-संकल्प शर्मा, पुलिस अधीक्षक
-
पुलिस भर्ती परीक्षा अंंतर्गत रोडवेज की ओर से भी तैयारियां की गई हैं। जहां के अभ्यर्थी होंगे वहां बसें चलाई जाएंगी। उनके जाने व आने में कोई दिक्कत न हो, इसका ख्याल रखा जाएगा।
-मो. इरफान, एआरएम, देवरिया डिपो