लार थाना क्षेत्र के हरखौली ग्राम सभा के टोला खरकातुला का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। लार थाना क्षेत्र के हरखौली ग्राम सभा के टोला खरकातुला में किशोरी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना पर रविवार को लार पुलिस गांव में पहुंची। किशोरी की मौत किन कारणों से हुई, इसका खुलासा इसलिए नहीं हो सका कि डॉक्टर और परिजन मौत की वजह अलग-अलग बता रहे हैं। पोस्टमार्टम न कराए जाने की वजह से किशोरी की मौत के कारणों का पर्दाफाश नहीं हो सका और परिजनों ने उसका दाह संस्कार कर दिया।
लार थाना क्षेत्र के खरका टोला की अमृता चौहान पुत्री दिलीप चौहान (12) की रविवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घर के एक कमरे में किशोरी को मृत अवस्था में देख परिजन उसे लार सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव लेकर घर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस मृतका के दरवाजे पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोरी की मौत करंट लगने से हुई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम कराना चाहती थी, लेकिन परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे। पुलिस ने गांव में पंचनामा बनवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन उसकी अंत्येष्टि करने के लिए भागलपुर लेकर चले गए। एसओ नवीन चौधरी का कहना है कि किशोरी की मौत की सूचना पर पुलिस अस्पताल और गांव दोनों जगह गई थी। मृतका के पिता दिलीप ने पुलिस को लिखित दिया है, जिसमें कहा है कि कोई कार्रवाई नहीं चाहते और न तो पोस्टमार्टम कराना चाहते हैं, इसलिए पंचनामा के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया।