अजीत शाही, विनोद, राकेश व इनके रिश्तेदारों की संपत्ति का भी पुलिस जुटा रही ब्योरा
पुलिस ने पत्र लिखकर जीडीए, रजिस्ट्री दफ्तर से भी मांगी है मदद
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। माफिया विनोद उपाध्याय की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने छापे की कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को पुलिस ने उसके दो भतीजों को साथ में लेकर देवरिया के बरपार गांव स्थित ससुराल में दबिश दी। लेकिन, विनोद नहीं मिला, उसके ससुर और साला दोनों फरार थे। पूछताछ के आधार पर पुलिस माफिया के अन्य ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है।
माफिया विनोद और उसके भाई संजय पर एसएसपी ने पहले से ही 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है और कोर्ट से एलबीडब्ल्यू भी जारी हो चुका है। इसके बाद मंगलवार को पुलिस ने विनोद उपाध्याय के भाइयों की तलाश में शाहपुर थाना क्षेत्र के शक्ति नगर काॅलोनी में दबिश दी जहां विनोद के भाई जयप्रकाश के दो बेटे मिले।
पुलिस ने बुधवार को दोनों को साथ में लेकर विनोद के ससुराल देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरपार गांव में दबिश दी तो विनोद के ससुर अरविंद त्रिपाठी और साला प्रिंस त्रिपाठी दोनों घर से फरार थे। पुलिस दोनों बेटों से पूछताछ कर रही है।
विनोद का भाई जयप्रकाश रेलवे में ठेकेदारी करता है। विनोद के अपराध से सृजित धन को जयप्रकाश के माध्यम से जमीन की खरीद फरोख्त में लगाया जाता रहा है।
-
कुर्क हो सकती है माफिया की संपत्ति
अब पुलिस माफिया की संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है। अजीत शाही, विनोद उपाध्याय, राकेश यादव की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को कुर्क करने की भी तैयारी है। पुलिस ने संपत्ति के ब्योरे के लिए जीडीए, राजस्व विभाग को पत्र जारी कर मदद मांगी है। इन माफिया और उनके परिवार के लोगों के नाम पर दर्ज संपत्तियों का ब्योरा जुटाकर पुलिस गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी में है। अजीत शाही रंगदारी के केस में जेल में हैं, लेकिन विनोद और राकेश यादव अभी बाहर हैं। विनोद और उसके भाई संजय पर भी रंगदारी का केस दर्ज है तो वहीं राकेश यादव के खिलाफ भी एक शख्स ने जमीन कब्जा कर रंगदारी मांगने का नया आरोप लगा दिया है। फिलहाल, पुलिस अब राकेश के खिलाफ आई तहरीर की सत्यता जांच जा रही है। खबर है कि जल्द ही इस मामले में उसके खिलाफ रंगदारी का केस भी दर्ज किया जा सकता है।
-
कोट
माफिया के संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। जीडीए, राजस्व विभाग से पुलिस मदद ले रही है। माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- मनोज अवस्थी, एसपी नार्थ