तरकुलवा के हरपुर निजाम गांव में कच्ची शराब के अड्डे पर गांववालों ने भट्ठियों को नष्ट कर दिया। इसमें एक कारोबारी को पकड़ लिया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लिया। कई बार शिकायत के बाद कार्रवाई नहीं करने से गांववालों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हरपुर निजाम गांव में वर्षों से कच्ची शराब का धंधा धड़ल्ले से चल रहा था। इससे परेशान होकर गांववालों ने एसओ, एसपी, डीएम से लेकर मुख्यमंत्री तक शिकायत भेजी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दो दिन पहले एक बार फिर गांववालों ने तरकुलवा पुलिस से शिकायत की, लेकिन जब पुलिस नहीं सुनी तो गांववालों ने खुद कच्ची शराब की चार भट्ठियों को तोड़ दिया। बावजूद इसके कारोबारी अपनी आदत से बाज नहीं आए। इसके बाद फिर गांववाले सोमवार की दोपहर कच्ची के अड्डों पर धावा बोल दिए। इसमें दो भट्ठियां तोड़ी गईं और 100 लीटर से अधिक कच्ची शराब और 10 क्विंटल लहन नष्ट किया गया। शराब पीने पहुंचे लोगों की भी पिटाई हुई। गांववालों ने एक कारोबारी को पकड़ लिया। मामले की जानकारी होने पर तरकुलवा पुलिस के पहुंचते ही गांववाले गुस्से में आ गए। गांववालों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने किसी तरह से मामले को शांत कराया। इसके बाद गांव के लोगों ने कारोबारी को पुलिस के हवाले किया। एसओ आलोक सोनी का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं थी। किसी भी सूरत में कच्ची शराब बनने और बिकने नहीं दी जाएगी।