पड़री बाजार में अपना बचाव कर रहे लोगों पर पुलिस की बर्बरता और केस दर्ज करने के विरोध में बाजार की सभी दुकानें रविवार को बंद रहीं। लोगों ने जनसभा कर खुखुन्दू एसओ को सस्पेंड करने और पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। खुखुन्दू के पड़री बाजार गांव में 24 दिसंबर को दिन में करीब 11 बजे ईद मिलादुन्नवी का जुलूस निकल रहा था। जुलूस में घोड़ा और डीजे ले जाने को लेकर एक पक्ष के लोग से कहासुनी होने लगी। बावजूद इसके जुलूस शांति तरीके से गांव से निकल गया। इस दौरान विरोध करने वालों पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दिया। पुलिस पिटाई के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने जुलूस के दौरान हुए विवाद में 150 लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। इसमें नामजद और अज्ञात गांव वालों के अलावा हिंदूूवादी नेता शामिल हैं। इसके विरोध में रविवार को हियुवा नेता नीरज राय और व्यापारी नेता महातम पांडेय के नेतृत्व में लोगों ने पड़री बाजार बंद कराया। पुलिस कार्रवाई और मनमानी के विरोध में जनसभा की। इस दौरान वक्ताओं ने फर्जी केस वापस करने, एसओ को सस्पेंड करने और मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी। इस दौरान प्रदीप मद्घेशिया, टिंकू सिंह, मुख्तार यादव, विद्यासागर पाल, रालोद जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह, अखिलेश , हीरालाल, गुड्डू दुबे, राणा सिंह सैथवार आदि लोग मौजूद रहे।