- 39 लाख रुपये की हो चुकी हैं चोरियांए पुलिस पर से उठ रहा पीड़ितों का एतबार
- रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र में चोरी की कई बड़ी वारदातें हुईं। सुबह टहल रहीं महिलाओं के साथ सरेराह चेन स्नेचिंग की घटनाएं भी हुईं, लेकिन पुलिस अभी तक किसी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। इससे पीड़ितों का पुलिस के ऊपर से एतबार उठ चुका है।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के पौहारी छापर गांव में 20 अप्रैल की रात को प्रह्लाद गुप्ता के घर के चैनल का ताला तोड़कर चोर घर के अंदर दाखिल हो गए। लोगों के कमरों की कुंडी बंद कर चोरी करने लगे। इसी बीच परिवार का एक व्यक्ति ने खिड़की से बाहर निकल कर शोर मचाया। चोर अपने को घिरता देख एक बाॅक्स लेकर भाग निकले। पिछले साल भी इस घर में ज्वेलरी, नकदी सहित करीब सात लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई थी। पुलिस अभी पहले मामले में सुराग तक लगाने में सफल नहीं हो पाई, तब तक इसी घर में दूसरी बार चोरी हो गई।
इससे पहले बगल के गांव सेमरी में एक ही रात पांच घरों में बीस लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई। नौतन हथियागढ़ गांव में भी छह घरों में करीब आठ लाख रुपये की चोरी हुई। यहां तक कि करीब चार माह पहले बरवा मीरछापर स्थाई पुलिस पिकेट के ठीक बगल में पांच दुकानों में एक ही रात करीब चार लाख रुपये से अधिक की चोरी हुई। 31 मार्च को रामपुर हिरामन गांव में एक ही रात पांच घरों में चोरी की घटनाएं हुईं, लेकिन किसी भी मामले का पुलिस अभी तक खुलासा करना तो दूर सुराग भी नहीं लगा पाई है। पुलिस की कार्यशैली पर लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं। अपनी सुरक्षा को लेकर सहमे दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस जानबूझकर चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं कर रही है। उसे दबाने में लगी हुई है।
एसओ नंदा प्रसाद ने बताया कि चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस लगी हुई है। अभी कोई सफलता नहीं मिली है। बहुत जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।