देवरिया। अशोक इंटर कॉलेज डुमरी रामपुर कारखाना के खेल मैदान पर बृहस्पतिवार से 67वीं तीन दिवसीय माध्यमिक विद्यालयी जनपदीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आगाज हुआ।
पहले दिन 800 मीटर 19 वर्षीय बालक वर्ग दौड़ में जनता इंटर कॉलेज रामपुर कारखाना के सूरज निषाद प्रथम, स्वामी देवानंद मठ लार के पंकज गोंड द्वितीय, अनंत इंटर कॉलेज सतरांव के नीतीश कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी के बालिका वर्ग में शहीद रामचंद्र इंटर कॉलेज बसंतपुर धूसी की अर्पिता गोंड, बखरा इंटर कॉलेज की प्रियंका सिंह, अनंत इंटर कॉलेज सतरांव की कली सिंह क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रहीं।
17 वर्षीय 800 मीटर बालक वर्ग में अनंत इंटर कॉलेज के शंभू कुमार प्रथम, डीएन इंटर कॉलेज रुद्रपुर के सन्नी यादव द्वितीय तथा बीआरडी इंटर कॉलेज देवरिया के अमित यादव तृतीय स्थान पर रहे। 200 मीटर बालिका वर्ग में डीएन इंटर काॅलेज की निशा साहनी प्रथम, सतरांव इंटर कॉलेज की काजल द्वितीय एवं बखरा इंटर काॅलेज की खुशबू तृतीय रहीं। इसके पूर्व एमएलसी डाॅ. रतनपाल सिंह एवं डीआईओस वीरेंद्र प्रताप सिंह ने झंडारोहण तथा खिलाड़ियों को मशाल प्रदान कर इसका उद्घाटन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अशोक इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं में मिली सफलता आगे के रास्ते खोलती है ऐसे में प्रतिभागी पूरे मन से इसमें बेहतर प्रदर्शन करें। जिला विद्यालय निरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल का भी अपने आप में बहुत महत्व है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं कार्यक्रम के संयोजक देवेंद्र नाथ तिवारी का स्वागत किया। संचालन कुंवर शैलेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान प्रदीप कुमार शर्मा, मिथिलेश सिंह, प्रदीप कुमार, माधव सिंह, प्रभात रंजन मणि आदि मौजूद रहे।