...फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम में ताइक्वांडो प्रशिक्षण शिविर की खिलाड़ियों ने लखनऊ में आयोजित स्टेट प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन किया है। बृहस्पतिवार को वापस आने पर जिलाधिकारी ने भी इनका उत्साहवर्धन किया।
इनके प्रशिक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं तूषिका वर्मा जूनियर अंडर-55 भार वर्ग में स्वर्ण, आयुषी अंडर-45 भार वर्ग में रजत और तनु वर्मा ने अंडर-52 भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है। केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में 27 से 29 जनवरी तक आयोजित स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप से वापस आने के बाद जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों को सम्मानित करने के बाद कहा कि जनपद की बेटियां खेलों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। अच्छे प्रदर्शन की बदौलत ये प्रदेश की टीम से राष्ट्रीय खेल के लिए चुनी गई हैं। ये खेलो इंडिया प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की तरफ से प्रतिभाग कर पदक प्राप्त करें और जनपद का नाम रोशन करें। इसके लिए किसी प्रकार की प्रशिक्षण की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। जल्द ही इन खिलाड़ियों के लिए देवरिया स्टेडियम में सेंसर सेट की व्यवस्था कराई जाएगी। ताकि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर क्रीड़ाधिकारी राज नारायण प्रसाद, प्रशिक्षक गिरीश सिंह आदि मौजूद रहे।