संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। असम में आयोजित सब जूनियर ओपन नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता में पड़ियापार गांव के पीयूष राज यादव ने सिल्वर जीत कर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय प्रशिक्षक और परिवार को दिया है।
पड़ियापार के जैसौली टोला के पीयूष राज यादव, सांई हॉस्टल काशीपुर, उतराखंड में बॉक्सिंग खेल का प्रशिक्षण ले रहे हैं। करीब छह माह पहले उनका वहां दाखिला हुआ। रूलर इलेक्ट्रिफिकेशन कारपोरेशन लिमिटेड की ओर से सांई स्टेडियम गोवाहाटी, असम में आयोजित ओपन नेशनल बॉक्सिंग प्रतियोगिता के सब जूनियर वर्ग के 75-80 भारवर्ग में उत्तर प्रदेश की तरफ से खेलते हुए पीयूष ने सिल्वर जीता है। इससे पहले सेमीफाइनल में उन्होंने हरियाणा के निखिल को हराकर फाइनल में जगह बनाई। 30 सितंबर को खेले गए फाइनल मैच में उनका मुकाबला हरियाणा के ही जतिन के साथ हुआ।
जतिन ने पीयूष को रोमांचक मुकाबले में 3-2 से हराकर गोल्ड अपने नाम कर लिया। जबकि पीयूष ने भी शानदार प्रदर्शन दिया। उनका पंच और बचाव भी दर्शनीय रहा। लेकिन, 1 अंक से हार कर उन्हें सिल्वर पर संतोष करना पड़ा। मेडल जीत कर देश में जिले का मान बढ़ाया। अपनी सफलता का श्रेय कोच सिकंदर पटेल और परिवार के लोगों को दी। पीयूष ने बताया कि उनका लक्ष्य ओलंपिक खेलना है। उनकी सफलता पर पिता रामाश्रय यादव, माता रीता देवी, दादा रविंद्र यादव, मारकंडेय, प्रधान कमलेश सिंह, सुनील मिश्रा सिब्बन सिंह अन्य ने बधाई दी।