बरांव पेट्रोल पंप के निकट हुआ हादसा, महेंद्रानाथ पूजा-अर्चन कर रुद्रपुर के दुग्धेश्वरनाथ जा रहे थे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के बरांव स्थित पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की दोपहर पिकअप ने ऑटो में सामने से टक्कर मार दिया। इसमें महिला सहित चार लोग घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए महेन पीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बरांव स्थित पेट्रोल पंप के पास रुद्रपुर की ओर से तेज रफ्तार आ रही पिकअप ने महेन की ओर से दुग्धेश्वरनाथ मंदिर जा रही ऑटो में टक्कर मार दिया, जिससे सवारियों से भरी ऑटो गड्ढे में पलट गई। हादसे में ऑटो में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसमें सवार इंदूपुर की मधु देवी (50), विनोद और उनकी पुत्री सलोनी (14), भटवलिया की आशा देवी, देवंती देवी घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ऑटो से बाहर निकलवाया। उन्हें 108 नंबर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जबकि पिकअप लेकर भाग रहे चालक को कपरवार चौकी पर पुलिस ने घेराबंदी कराकर पकड़ लिया। थानाध्यक्ष मदनपुर महेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। उनमें मधु, आशा, देवंती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।