फोटो समाचार.....
लार के घारी वार्ड में शराब की दुकान खोलने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। आबादी के बीच मुख्य चौराहे पर देसी शराब की दुकान खोलने की जानकारी पर पहुंचे घारी वार्ड के लोगों ने बुधवार को हंगामा खड़ा कर दिया। लोगों के तेवर देखकर दुकान खुलवाने पहुंचे लोग निकल लिए। इसके बाद नाराज लोग लार बाईपास मार्ग पर बारिश में ही धरने पर बैठ गए और किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं खोलने की मांग करने लगे। पूर्व में भी वार्ड के लोग उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर दुकान नहीं खोलने की मांग कर चुके हैं।
लार नगर के लक्खू मोड़ की देसी शराब की दुकान घारी वार्ड के मुख्य चौराहा पर खोलने की तैयारी चल रही है। ठेकेदार ने एक दुकान चिह्नित की है। कुछ लोग दुकान देखने घारी वार्ड पहुंचे थे। जब इसकी जानकारी वार्ड के लोगों को हुई तो मौके पर पहुंच आबादी के बीच शराब की दुकान खोलने का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। इस दौरान दुकान देखने पहुंचे लोगों व वार्डवासियों से तीखी बहस होने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। माहौल भांपकर दुकान देखने पहुंचे लोग निकल लिए। इसके बाद पूर्व सभासद केडी सिंह व विकास सिंह के नेतृत्व में घारी वार्ड के लोग बारिश में ही सड़क किनारे एक मैरिज हाॅल में करीब पांच घंटे धरने पर बैठ रहे।
केडी सिंह ने कहा कि जिस जगह शराब की दुकान खोली जा रही है, वहां गांव की महिलाएं हमेशा आती-जाती रहती हैं। वार्ड में आने जाने का मुख्य मार्ग है। भाजपा नेता देवेंद्र सिंह राजू ने कहा कि किसी भी हाल में शराब की दुकान नहीं खोलने दी जाएगी।
इस दौरान रितेश सिंह, पिंकू सिंह, शिब्बू सिंह, संतोष शर्मा, भाजपा नेता अखिलेश सिंह चुनचुन, राजन सिंह, संतोष सिंह, गौतम सिंह सहित वार्ड के लोग मौजूद रहे।