सलेमपुर। जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाने से नाराज तुरैहा समाज की महिलाओं और पुरुषों ने मंगलवार को तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उसके बाद नायब तहसीलदार गोपालजी को मांग पत्र सौंपकर जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की। तुरैहा समाज कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार तुरैहा के नेतृत्व में मंगलवार को महिलाएं व पुरुष तहसील परिसर पहुंचे। जहां जाति प्रमाण पत्र जारी करो स्लोगन लिखा तख्ती हाथ में लेकर नारेबाजी करने लगे। जिलाध्यक्ष ने कहा कि एक साल से तुरैहा समाज के लोगों का जाति प्रमाण पत्र तहसील द्वारा नहीं बनाया जा रहा है। राज्य व केंद्र सरकार के किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। राकेश तुरैहा ने कहा कि तहसील के कर्मचारी जान बूझकर बच्चों को परेशान कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में रामनवमी, शशि, रामरती, नेहा, वीरेन्द्र, अमन, राजू कुमार, गुलाब चंद्र आदि मौजूद रहे। नायब तहसीलदार गोपालजी ने बताया कि मांग पत्र मिला है। उसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा।