सलेमपुर। आगामी होली और पवित्र रमजान को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को सलेमपुर कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आपसी सहयोग और सतर्कता पर जोर दिया। कोतवाल महेंद्र कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रहेगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जुलूस मार्ग, साफ-सफाई और बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। गंगा-जमुनी परंपरा को कायम रखते हुए दोनों पर्व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। साथ ही अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।