- जनपद के 28 केंद्रों पर हुई परीक्षा में 12,170 अभ्यर्थी पंजीकृत, शामिल रहे 7439
- नौ सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में हुई परीक्षा
- गाजीपुर से आए पुरुष अभ्यर्थी व्यवस्था को लेकर करते रहे शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद के 28 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दो पालियों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2023 आयोजित हुई। सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक सामान्य अध्ययन-एक व दोपहर 2:30 से 4:30 बजे सामान्य अध्ययन-दो की परीक्षा में पंजीकृत कुल 12170 परीक्षार्थियों में 7439 उपस्थित एवं 4731 अनुपस्थित रहे। इसके लिए नौ सेक्टर एवं 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन भी सख्त रवैया अपनाए रहा। उधर समसामयिक और आर्थिकी से जुड़े सवालों ने अभ्यर्थियों को खूब परेशान किया।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के पूर्व परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ही प्रवेश दिया गया। पुरुष अभ्यर्थियों में गाजीपुर जनपद के और कुछ बिहार प्रांत के रहे, वहीं महिला परीक्षार्थियों में जिले की ही निवासी शामिल रहीं। रोडवेज एवं रेलवे स्टेशन पर बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क जिला प्रशासन की ओर से बनवाया गया था। गर्मी को देखते हुए प्रवेश पत्र दिखाने पर परीक्षार्थियों को निशुल्क एक पानी का बोतल भी यहां दिया गया। उधर प्रथम पाली की परीक्षा देकर निकले गाजीपुर के सूर्या कुमार ने बताया कि पर्यावरण से संबंधित सवाल काफी कठिन लगे। परीक्षा के नोडल एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि दोनो पालियों में जनपद में परीक्षा सकुशल संपन्न हुई है। किसी भी केंद्र से कोई गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
- स्पीकअप इतिहास के सवाल काफी घुमाकर पूछे गए थे। भूगोल, आर्थिकी, राजनीति से पूछे गए सवाल ज्यादा आसान रहे। नदियों से जुड़े सवाल भी ठीक रहे।
....अनन्या सिंह
पेपर औसत रहा। ताजा मुद्दों से जुड़े सवाल उलझा रहे थे। इतिहास के सवाल भी कठिन रहे। राजनीति, संविधान से जुड़े सवाल आसान लगे।
.....शशिभूषण
-
सवाल ने तो बहुत कठिन लगे न ही आसान। बजट, ताजा मुद्दे, इतिहास सहित अन्य विषयों से 200 पूर्णांक के कुल 150 सवाल पूछे गए थे। हालांकि आर्थिक से जुड़े सवालों ने काफी समय लिया।
.....संजीव कुशवाहा
-
सवालों को काफी घुमा के लेकिन तथ्यपरक तरीके से पूछा गया था। पढ़े हुए ही सवाल ज्यादा आए थे। कुछ लेखकों से संबंधित सवाल भी आसान लगे।
.....आंचल गुप्ता