घंटों जाम से मिलेगी निजात, क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री व विधायक का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। उपनगर के 115 नंबर रेलवे क्रॉसिंग पर टू लेन उपरगामी सेतु बनाने के लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। इसके निर्माण के लिए शुक्रवार को 3813.13 लाख रुपये धन स्वीकृत हो गया है। जिम्मेदारों की मानें तो इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू हो जाएगा। इसके बन जाने से घंटों जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक का आभार जताया है।
जिले के चार रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले घंटों जाम से मुक्ति दिलाने के लिए उपरिगामी पुल बनाया जाना है। इसका प्रस्ताव सेतु निगम ने शासन को तीन माह पहले भेजा था। जिले के दोनों सांसदों ने इसे अपनी कार्ययोजना में शामिल किया था। इन पुलों की सेतु निगम ने ड्राइंग की स्वीकृति के लिए रेलवे को भेजा है। कारण यह कि रेल लाइन के ऊपर का हिस्सा रेलवे का होता है। इसलिए ड्राइंग की मंजूरी लेनी होती है।
विभागीय सर्वे पर गौर किया जाए तो सबसे अधिक उपरिगामी पुल की जरूरत भटनी के ढाला नंबर 115 पर थी। सर्वे में भटनी के रेलवे क्राॅसिंग पर ट्रैफिक वाल्यूम यूनिट (टीवीयू) 3.22 लाख व भाटपाररानी रेलवे स्टेशन के समपार संख्या 112 ए बेलपार ढाला पर 1.75 लाख है। दोनों जगहों पर टीवीयू का मानक पूरा हो रहा है। सेतु निगम ने भटनी में सेतु निर्माण के लिए करीब 42.08 करोड़ रुपये व भाटपाररानी के बेलपार में सेतु निर्माण के लिए 46.53 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
इसी तरह गौरीबाजार व सलेमपुर के धनौती ढाला पर उपरिगामी सेतु निर्माण के लिए भी एस्टीमेट शासन को भेजा गया है। ऐसे में शुक्रवार को जैसे ही भटनी 115 नंबर रेलवे क्राॅसिंग पर उपरिगामी सेतु निर्माण को धन की स्वीकृति मिली। क्षेत्रवासी खुशी से झूम उठे। लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी व विधायक सुरेंद्र चौरसिया के प्रति आभार जताया है।
डीआरएम वाराणसी के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि भटनी में ओवरब्रिज के लिए शासन से 3813.13 लाख रुपये स्वीकृत होने की जानकारी मिली है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।