- बीती रात अज्ञात चोरों दिया था घटना को अंजाम
गौरी बाजार संवाद
गौरीबाजार। थाना क्षेत्र के वकीलगंज चौराहे पर खड़ी बाइक की डिकी तोड़कर उसमें रखा लगभग छह लाख रुपये का आभूषण चोरों ने चुरा लिया। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस रविवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
गौरीबाजार थानाक्षेत्र के सवना निवासी लक्ष्मण निवासी रंजीत वर्मा की वकीलगंज चौराहे पर राधा कृष्ण ज्वेलर्स के नाम से आभूषण की दुकान है। शनिवार की देर रात दुकान बंद कर घर जाने के लिए निकले। एक बैग में लगभग 70-80 ग्राम सोना व 500-600 ग्राम चांदी का पायल डिकी में रखकर सड़क के किनारे बाइक खड़ी कर कुछ सामान ले रहे थे। इस बीच चोरों ने बाइक की डिकी तोड़कर उसमें रखा आभूषण चुरा लिया।
कुछ देर बाद जब वह बाइक के पास पहुंचे तो डिकी टूटी देखकर उनके होश उड़ गए। डिकी से आभूषण गायब था। चारों तरफ उन्होंने देखा पर वहां कोई नहीं था। काफी खोजबीन के बाद इसकी सूचना उन्होंने गौरीबाजार पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
चोरी गए आभूषण की कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई जा रही है। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इस संबंध में सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।