ओपेन सीनियर हॉकी महिला स्टेट चैंपियनशिप फरवरी में कराने की तैयारी
10 टीमों ने भाग लेने की दी सहमति, खेल निदेशालय व जिला हॉकी संघ की ओर से होगा आयोजन
ग्राउंड के गड्ढों को मिट्टी डालकर बनाया जा रहा समतल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। राज्य आमंत्रण ओपेन सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप की जिले में तैयारियां शुरू हो गईं हैं। फरवरी के पहले व दूसरे सप्ताह के बीच में इसे कराने के लिए जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। इसके लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में ग्राउंड को बेहतर बनाया जा रहा है।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में फरवरी माह के पहले सप्ताह से राज्य आमंत्रण ओपेन सीनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप कराने के लिए जिला हॉकी संघ के पदाधिकारी लगे हुए हैं। खेल निदेशालय ने जिले के लिए दूसरी स्टेट प्रतियोगिता जिला हॉकी संघ की मांग पर इस सत्र में जनपद को सौंपी है। खेल निदेशक ने इस संबंध में क्रीड़ाधिकारी को दिए आदेेश में महासचिव उत्तर प्रदेश हॉकी संघ से वार्ता कर चैंपियनशिप के आयोजन की तिथि निर्धारण एवं इसके आयोजन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई संपन्न कर लेने के निर्देश पहले ही दिए हैं।
संघ की ओर से फरवरी के पहले व दूसरे सप्ताह के बीच में ही इसे कराने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, फाइनल तिथि को लेकर पदाधिकारियों व प्रशिक्षकों के बीच ही मंथन चल रहा है। प्रस्तावित टीमों में जिला हॉकी संघ की ओर से अभी गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज, झांसी, गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ मंडल सहित अन्य जगहों की टीमों को बुलावा भेजा गया है। कुछ टीमों ने इसमें भाग लेने के लिए सहमति भी जता दी है।
जिला हॉकी संघ के सचिव मो. अकरम सिद्दीकी ने बताया कि फरवरी माह के पहले व दूसरे सप्ताह में सीनियर हॉकी ओपेन महिला स्टेट चैंपियनशिप कराने की योजना है। प्रदेश स्तरीय नौ से 10 टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। कुछ टीमों ने आने पर सहमति भी जता दी है। खेलप्रेमियों को हॉकी के बेहतरीन मुकाबले देखने को मिले, इसकी व्यवस्था की जा रही है।
कोट
ओपेन स्टेट आमंत्रण हॉकी चैंपियनशिप के लिए जिला संघ की ओर से फरवरी का पहला व दूसरा सप्ताह निर्धारित किया गया है। उनके पदाधिकारियों के सहयोग से इसे पूरा कराया जाएगा। ग्राउंड में जहां-जहां थोड़ा ऊबड़-खाबड़ या गड्ढे बन गए हैं, उसे मिट्टी से भरवाया जा रहा है। ताकि खिलाड़ियों के चोटिल होने की आशंका न रहे।
-राज नारायण प्रसाद, क्रीड़ाधिकारी