जनपद में 22 राजकीय एवं 122 एडेड माध्यमिक विद्यालय हैं
जीआईसी सहित अन्य में पहले से कुछ कोर्स हैं संचालित
राजकीय और माध्यमिक स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के 22 राजकीय व 122 अनुदानित माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक कोर्स शुरू करने के लिए विभागीय पहल शुरू हो चुकी है। सभी विद्यालयों से कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्रों के लिए व्यावसायिक कोर्स शुरू करने के संबंध में आवश्यक संसाधनों का डाटा मांगा गया है। इसके लिए जिले स्तर पर पांच सदस्यीय समिति का भी गठन किया गया है। हालांकि, अभी तक केवल 85 विद्यालयों ने ही इस संबंध में अपनी व्यवस्थाओं व आसपास स्थित सुविधाओं के बारे में बताया है। कुछ विद्यालयों की सूचनाएं गलत होने से खारिज कर दी गई हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत जिले के राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा योजना को लागू किए जाने की तैयारियों को विद्यालयों की मनमानी से झटका लग रहा है। कारण निर्धारित प्रारूप पर इसके अंतर्गत सभी राजकीय व अशासकीय विद्यालयों से जरूरी सूचनाएं जो 15 दिन पूर्व मांगी गई थी, इसे देने में स्कूल स्तर से ही हीलाहवाली की जा रही है। विद्यालयों से मंडल, जनपद, स्कूल का नाम, कक्षा, चयनित विद्यालय व्यवसायिक शिक्षा से संबंधित पूर्व किसी योजना से आच्छादित है अथवा नहीं, संबंधित योजना में ट्रेड या जॉब रोल का नाम, यदि विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा नहीं है तो क्या भविष्य के लिए अतिरिक्त कक्षा कक्ष उपलब्ध है या नहीं के अलावा स्थानीय मांग, क्षेत्रीय रोजगार, उपलब्धता के अनुसार उपयुक्त रोजगारपरक जॉब रोल प्रस्तावित करने, विद्यालय से सन्निकट पड़ने वाले उद्योग, प्रशिक्षण संस्थान जिसका प्रयोग विजिट, इंटर्नशिप या प्रशिक्षण के लिए किया जा सके। इसका ब्योरा जुटाया जा रहा है। हालांकि, वर्तमान में जनपद के पांच राजकीय और 11 एडेड माध्यमिक स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा पहले से संचालित की जा रही है।
ये व्यावसायिक कोर्स शुरू करने की है योजना
कंस्ट्रक्शन, टूरिज्म एंड हास्पीटेलिटी, ब्यूटी एंड वेलनेस, फूड प्रोसेसिंग, कृषि, आटोमेटिव, प्लम्बिंग, रिटेल, सिक्योरिटी, शारीरिक शिक्षा, हेल्थकेयर, मीडिया एंड इंटरटेनमेंट, टेलीकाॅम, इलेक्ट्रानिक्स, बैकिंग फाइनेंसियल सर्विस एंड इंश्यारेंस, पावर।
व्यावसायिक कोर्स शुरू होंगे तो रोजगार के लिए नहीं भटकना पड़ेगा
जीआईसी के प्रधानाचार्य पीके शर्मा व महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य गीता ने सोमवार को बताया कि राजकीय व अनुदानित माध्यमिक विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू होने से छात्रों को लाभ होगा। जो भी सूचनाएं इस संबंध में मांगी गई हैं, उसे निर्धारित प्रारूप पर दिया जा रहा है।
कोट
नई शिक्षा नीति के अंतर्गत माध्यमिक के सभी राजकीय एवं एडेड स्कूलों में व्वासायिक शिक्षा पाठ्यक्रम की शुरुआत होनी है। ताकि विद्यार्थियों को रोजगार परक शिक्षा से कक्षा नौवीं से ही जोड़ा जाए। ताकि कॅरिअर निर्माण के दौरान भविष्य में इसका लाभ उन्हें मिल सके। इसके लिए स्कूलों से आवश्यक सूचनाएं निर्धारित प्रारूप पर मांगी गई है। सभी विद्यालयों ने अभी इसे अपडेट नहीं किया है। इस पर उन्हें नोटिस दिया गया है।
-महेंद्र प्रसाद, एडीआईओएस