सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, एक घायल
नवलपुर-भागलपुर मार्ग पर उरदौली गांव के समीप हुआ हादसा
बाइक पर सवार दूसरे युवक का मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नवलपुर-भागलपुर मार्ग पर उरदौली गांव के समीप अज्ञात वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची नवलपुर चौकी पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने एक को मृत घोषित कर घायल को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने के बाद जिला चिकित्सालय से भी युवक को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के धनगड़ा गांव निवासी सत्यम दुबे (14) पुत्र अविनाश दुबे अपने रिश्तेदार व गोरखपुर निवासी विनायक तिवारी (20) पुत्र राजेश तिवारी के साथ रविवार रात सलेमपुर जा रहा था। अभी वह नवलपुर-भागलपुर मार्ग पर उरदौली गांव के समीप पहुंचा था कि सामने से आ रहे तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में गिर पड़े। दोनों के सिर में गंभीर चोट आ गई।
इसकी सूचना किसी राहगीर ने नवलपुर पुलिस चौकी को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया। वहां ड्यूटी में तैनात डॉक्टर ने विनायक तिवारी (20) पुत्र राजेश तिवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल सत्यम दुबे पुत्र अविनाश दुबे की हालत गंभीर देखकर जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। घायल की हालत में सुधार नहीं होने पर जिला चिकित्सालय से डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में विनायक तिवारी की मौत हो गई है। सत्यम दुबे घायल है। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा है।