सोनूघाट। कोतवाली क्षेत्र के चकियवा ढाला पर रविवार को दिन में ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के बरवा उपाध्याय के मूल निवासी गिरधर तिवारी पुत्र अनिल तिवारी पिछले कुछ वर्षो से चकिया ढाला के पास मकान बनवा कर परिवार के साथ रहते थे। रविवार को दिन में चकिया रेलवे ढाला की तरफ से अपने आवास पर जा रहे थे। अभी वह ढाला पार ही कर रहे थे कि देवरिया की तरफ से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की पहचान के आधार पर मृतक गिरधर की पत्नी सोनम देवी को सूचना दी गई। मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक के पिता अनिल तिवारी और माता नूतन देवी मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। अनिल तिवारी के दो पुत्रों में गिरधर बड़ा था। छोटे पुत्र गोपाल ने करीब पांच वर्ष पूर्व फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक की एक तीन साल की बेटी भी है। कोतवाल दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति की चकिया ढाला पर ट्रेन से कटकर मौत की सूचना पर मौके पर गया था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है। इस मामले कोई तहरीर नही मिली है।