गठिया रोग से परेशान गड़ौना गांव के एक बुजुर्ग ने हकीम की सलाह पर सोमवार की सुबह धतूरे की जड़ पीसकर पी लिया। तबियत बिगड़ने पर परिवार के लोग उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहज पर लेकर आए। जहां से गंभीर दशा में डॉक्टरों ने उन्हें देवरिया रेफर कर दिया। बुुजुर्ग की हालत नाजुक बताई जा रही है। गडौना निवासी रामनरेश प्रजापति कई वर्षों से गठिया की बीमारी से परेशान हैं। उनके परिवार वालों की मानें तो खड़ेसर गांव निवासी एक हकीम ने उन्हें धतूरा की जड़ को पीसकर पीने से ठीक हो जाने की बात बताई। वृद्ध ने सोमवार को खाना खाने के बाद धतूरा पी लिया। जिसके कुछ देर बाद उनकी तबियत खराब हो गई। परिवार के लोग इलाज के लिए सीएचसी लेकर आए जहां से डाक्टरों ने देवरिया रेफर कर दिया। सीएचसी के डॉक्टर संजय चंद ने बताया की वृद्ध को गंभीर दशा में देवरिया भेजा गया है। उन्होंने लोगों से इस तरह के जानलेवा उपाय न अपनाने और डॉक्टरों से परामर्श के बाद ही दवा आदि का सेवन करने की बात कही।