देवरिया। पुलिस स्मृति दिवस पर बुधवार को पुलिस लाइंस स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ। एसपी अभिजित आर शंकर ने कर्तव्य पालन के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पुलिसकर्मियों की याद में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर शहीदों के बलिदान को नमन किया। पुलिस विभाग की ओर से बताया गया है कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन का माहौल भावुक रहा। अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। इसके बाद परेड ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत सलामी शस्त्र और शोक शस्त्र की कार्रवाई पूरी की। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव को याद किया गया। पुलिसकर्मियों को अनुशासन, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ जनता की सुरक्षा तथा सेवा करने का संदेश दिया गया।