- भागलपुर पुल से आगे मधुबन जाने वाले मार्ग पर भूसा मशीन से लगी टक्कर
- बाइक पर सवार वृद्ध ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। भागलपुर पुल से आगे मधुबन जाने वाले मार्ग पर समधी के साथ मेला देखने जा रहे वृद्ध भूसा मशीन लेकर जा रही ट्रैक्टर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। जहां उनकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया।
बरहज के तेलिया शुक्ल गांव निवासी केदार चौहान (65) पुत्र रामधनी अपने समधी के साथ शनिवार को बाइक से सोनाडीह में चल रहा चैत्र रामनवमी मेला देखने जा रहे थे। केदार के समधी गोरख चौहान सीतापुर से मेला देखने आए थे। गोरख व केदार एक युवक की बाइक से जा रहे थे। भागलपुर पुल पार करने के बाद अभी वह मधुबन मार्ग पर कुछ दूर आगे पहुंचे ही थे कि भूसा मशीन लेकर जा रहे ट्रैक्टर से टक्कर लग गई। इस हादसे में केदार गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गोरख व बाइक चला रहे युवक को हल्की चोटें आईं।
भागलपुर से चिकित्सकों ने देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान केदार की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।