फोटो समाचार.........
पछुआ हवा के बीच लगी आग से 300 बीघा गेहूं की फसल राख, आधा दर्जन झोपड़ियां जलीं, पशु की जलने से मौत
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई आग लगने की घटनाएं, रामपुर कारखाना के गौरा में जानमाल को भारी नुकसान
देर से फायर कर्मियों के पहुंचने से लोगों में आक्रोश, पदाधिकारियों से ग्रामीणों ने सुनाई आपबीती
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बृहस्पतिवार के दिन फसल में आग लगने के बाद रामपुर कारखाना के गौरा में बुझाते समय एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वहीं, झोपड़ी में बंधी एक गाय जल गई। आधा दर्जन झोपड़ियों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने से सबसे ज्यादा नुकसान गौरा गांव में हुआ है। यहां खेत में खड़ी लगभग 300 बीघा फसल राख हो गई। वहीं, आधा दर्जन झोपड़ियां भी जल गईं। घटना की सूचना देने के बाद फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में आक्रोश दिखा। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे डीएम, एसपी, एएसपी व सीओ से अपनी बात कही। मौके पर पहुंचे राजस्व कर्मी क्षति के आकलन में जुट गए।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौरा गांव के पश्चिम दिशा में हाटा मुख्य मार्ग पर बलियवा गांव के समीप पेड़ की डालियों से सट कर गुजर रहे हाईटेंशन तार में डालियों के स्पर्श से निकली चिंगारी से खेत में गेहूं की फसल में आग लग गई। पछुआ हवा तेज होने की वजह से आग काफी तेजी गति से आगे बढ़ने लगी। यह देखकर ग्रामीण आग बुझाने के लिए खेतों में उतर गए। आग बुझाते समय गौरी शंकर शुक्ला की झुलसने से मौके पर मौत हो गई। इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
इधर, आग हवा के झोंके साथ आगे बढ़ती गई। आग ने गौरा गांव की करीब 300 बीघा गेहूं की फसल व तीन झोपड़ियों को जलाकर राख कर दिया। मौके पर पहुंचे डीएम अखंड प्रताप सिंह ने पीड़ितों से बातचीत करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने फायर सर्विस के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल आग से जली फसलों व अन्य नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने में जुटे रहे।
इसी तरह रामपुर कारखाना के डुमरी गांव में आग लग गई। इससे आधा दर्जन किसानों की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। डुमरी गांव निवासी मनोज सिंह की कंबाइन भी जल गई।