- लगातार पांचवें दिन शिक्षकों ने ऑनलाइन हाजिरी पर जताया अपना विरोध
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। ऑनलाइन हाजिरी को लेकर जिले के शिक्षक जहां इस व्यवस्था का पुरजोर विरोध कर रहे हैं। वहीं अब विभाग शिक्षकों को मनाने में जुटा है। साथ ही उन्हें इसके लिए प्रेरित करने में लगा है। विभाग की ओर से एसआरजी, एआरपी व खंड शिक्षा अधिकारी इस प्रक्रिया में क्या दिक्कतें आ रही हैं, इसके बारे में शिक्षकों से मिलकर उनकी समस्याओं को जानने की कोशिश करने में जुटे है और इसका फीडबैक भी तैयार कर रहे हैं। हालांकि इस विभागीय पहल का शिक्षकों पर कुछ विशेष असर होता नहीं दिख रहा है।
शुक्रवार को उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने पंजिकाओं के डिजीटलाइजेशन व ऑनलाइन व्यवस्था को लागू किए जाने के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया। जिलाध्यक्ष हेमा त्रिपाठी ने कहा कि अव्यवहारिक ढंग से प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पंजिकाओं के डिजीटलाइजेशन व ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था लागू कर दी गई है, जब तक शिक्षकों की मांगें पूरी नहीं की जाती, हमारा विरोध जारी रहेगा। नए आदेश के तहत शिक्षकों की छवि को खराब तरीके से पेश किया जा रहा है। संगठन इसका विरोध करता है। जब तक नए आदेश को वापस नहीं लिया जाता, पूरे जिले के शिक्षक इसका विरोध करेंगे।
काली पट्टी बांध लगातार पांचवें दिन किया शिक्षण कार्य
उधर पांचवें दिन भी कई स्कूलों में शिक्षकों, शिक्षामित्र व अनुदेशकों ने काली पट्टी बांध कर विरोध करते हुए आनलाईन उपस्थिति का आदेश रदद् करने की मांग किया। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ईकशाद अली ने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों के साथ जिलों में अनैतिकता पूर्ण व्यवहार हो रहा है। शिक्षकों को डरा धमकाकर कर ऑनलाइन कोई कार्य नहीं कराया जा सकता है, कोई भी शिक्षक शिक्षण कार्य के अलावा विभाग का किसी प्रकार का सहयोग अब नहीं करेंगे। प्रदेश के कुछ जिलों में संकुल प्रभारी, बूथ लेबल अधिकारी, एबीआरसी, जिला समन्यवयक ,बाढ़ आदि कार्यो लगाए गए शिक्षक इन पदों से त्याग पत्र देना शुरू कर दिए हैं। शिक्षक अपने नियत समय से रोज स्कूल जाते हैं तथा दायित्व का निर्वहन भी कर रहे है।
प्राथमिक शिक्षक संघ ने चलाया हस्ताक्षर अभियान, छह सौ से अधिक ने जताई अहसमति
देवरिया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ व संघर्ष समिति ब्लॉक इकाई देवरिया सदर के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को बीआरसी.सदर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। इसमें 600 से अधिक शिक्षको ने उपस्थित होकर डिजिटल उपस्थिति के मुद्दे पर असहमति जताई।मांगें न माने जाने तक ऑलाइन कार्यों का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। ब्लॉक अध्यक्ष नित्यानंद यादव ने कहा कि ऑनलाइन अटेंडेंस को जबरदस्ती थोपने का प्रयास किया जा रहा है। संघ इसका बहिष्कार मांगें पूरी होने तक करता रहेगा। इस दौरान जिला संयुक्त मंत्री व ब्लॉक मंत्री ऋषिकेश जायसवाल, रामसिंगार यादव, संदीप द्विवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण दूबे, तहसील प्रभारी रमेश प्रताप यादव आदि मौजूद रहे।
जनपद के शिक्षकों को ऑनलाइन हाजिरी, बच्चों की उपस्थिति व एमडीएम का डिजीटल व्योरा देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए सभी खंड शिक्षाधिकारी, एसआरजी व एआरपी लगाए गए हैं।
-शालिनी श्रीवास्तव बीएसए