रुद्रपुर। फतेहपुर नरसंहार के कारण के पीछे जन सुनवाई को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शनिवार को तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर अधिकारी सक्रिय दिखे। राजस्व के मामलों पर एडीएम वित्त ने राजस्व और पुलिस दोनों को संयुक्त रूप से जांच कर स्पष्ट रिपोर्ट देने का सख्त निर्देश दिया। एडीएम अरुण कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व से जुड़े 17 शिकायतें दर्ज की गईं। जिनमें से तत्काल लेखपाल की रिपोर्ट पर दो मामलों का निस्तारण हो पाया। पुलिस से संबंधित सात शिकायतें आईं। विभिन्न विभागों से 38 शिकायतों पर एडीएम ने एक सप्ताह में निस्तारण रिपोर्ट गुणवत्तायुक्त लगाने को निर्देशित किया। कहा कि जमीन से जुड़े विवादों पर लेखपाल और पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच करें। नियमानुसार मौके पर आख्या लगाकर समस्या का निदान होना चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम रत्नेश तिवारी, नायब तहसीलदार शिवेन्द्र कौडिल्य, अनिल तिवारी आदि मौजूद रहे। संवाद