देवरिया। नगरीय निकाय चुनाव केे लेकर प्रेक्षक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रमाकांत पांडेय सोमवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने सुविधाओं को देखा और शांतिपूर्ण चुुनाव कराने का निर्देश दिया।
प्रेक्षक ने नगर पालिका परिषद देवरिया, नगर पंचायत रामपुर कारखाना, तरकुलवा, पथरदेवा, हेतिमपुर, गौरी बाजार एवं बैतालपुर स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों को निर्धारित मानकों के अनुसार अधिक से अधिक वोटर फ्रेंडली बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सुरक्षा, पेयजल, टॉयलेट आदि सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए निर्देश दिया। कहा कि क्षेत्र में सचल दस्ते भ्रमणशील रहें और प्रत्येक संदिग्ध गतिविधि की निगरानी करें। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होता मिले तो तत्काल कार्रवाई की जाए। इस दौरान एसडीएम सौरभ सिंह और ईओ रोहित सिंह आदि मौजूद रहे।