- हड्डी, बाल रोग, नेत्र रोग विभाग में रही मरीजों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मरीजों की भीड़ रही है। गर्मी के कारण बुखार, उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ी है। डॉक्टर गर्मी व लू लगना कारण मान रहे हैं। वहीं हड्डी, बालरोग, नेत्र रोग, सर्जरी में भी मरीजों की लंबी कतार रही। लोगों को पर्ची काउंटर से लेकर डॉक्टर को दिखाने के लिए हर जगह डेढ़ से दो घंटे इंतजार करना पड़ता, जिससे मरीजों को दिक्कत हुई।
मेडिकल कॉलेज में सोमवार की तरह मरीजों की भीड़ रही। पर्ची काउंटर पर सुबह आठ बजे लाइन लगनी शुरू हो गई। दस बजे के बाद भीड़ और बढ़ गई। चार काउंटर के बाद भी लोगों को डेढ़ घंटे इंतजार करना पड़ा। ओपीडी के मेडिसिन विभाग में लंबी लाइन रही। लोग एक-दूसरे से सटे कर खड़े थे। डॉ. विजय कुमार गुप्ता, एसआर डॉ. मनीष, जेआर डॉ. उदभव मिश्र ने 535 मरीजों का इलाज किया। इसमें 30 प्रतिशत मरीज बुखार, उल्टी, दस्त, सर्दी, खांसी से पीड़ित थे। चेस्ट एवं टीबी विभाग में डॉ. प्रतीक केजरीवाल, एसआर डॉ. संदीप, जेआर डॉ. रागिनी मिश्रा ने 120 मरीजों का इलाज किया। इसमें बुखार, सर्दी, जुकाम, सांस के पुराने मरीज शामिल रहे। नेत्र विभाग में असिस्टेंट प्रो. डॉ. कन्हैैया प्रसाद, डॉ. एसके सिंह, जेआर डॉ. महेश प्रजापति, डॉ. संजीव गुप्ता ने 177 मरीजों का इलाज किया। चर्म रोग में एसआर डॉ. सुधा चौधरी, जेआर डॉ. राजन ने 180 मरीजों, हड्डी रोग में असिस्टेंट प्रो. डॉ. गौरव सिंह, एसआर डॉ. अक्षय त्रिपाठी, डॉ. प्रदीप श्रीवास्तव, जेआर डॉ. शशांक मणि त्रिपाठी ने 304 मरीजों, दंत रोग विभाग में असिस्टेंट प्रो. डॉ. अफसाना अंसारी, जेआर डॉ. सौरभ आनंद, डॉ. तुलिका सिंह ने 60 मरीजों, नाक, कान गला रोग विभाग में डॉ. डीएस सिंह, डॉ. अविनाश ने 125 मरीजों व बाल रोग विभाग में डॉ. एचके मिश्रा व डॉ. रामसकल यादव ने 147 मरीजों का इलाज किया।
चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी के कारण लोग बुखार, उल्टी, दस्त, सर्दी, खांसी की चपेट में आ रहे हैं। धूप व गर्मी से बचने की जरूरत है। इस समय अधिक पानी पीएं, सत्तू, बेल का शर्बत, खीरा, तरबूज, ककड़ी, हरी सब्जी, सुपाच्य भोजन आदि का सेवन करें। धूप से बचें, अनावश्यक न निकलें।
-
मरीजों के बैठने व पानी का समुचित इंतजाम नहीं
- मेडिकल कॉलेज के ओपीडी में भीड़ के चलते मरीजों को डेढ़ से दो घंटे प्रतीक्षा करनी पड़ती है। यहां बैठने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं है। कुल 35 कुर्सी ही लगाई गई है। खड़े-खड़े लोग थक जाते हैं और मजबूरी में फर्श पर बैठना पड़ता है। वहीं पेयजल के लिए एक वाटर कूलर लगा रहा है। दूसरी तरफ स्थित हड्डी रोग विभाग के मरीजों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है।
- अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ी है। मरीजों व तीमारदारों के बैठने व पेयजल की व्यवस्था है उसे और बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दवा व अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
डॉ. एचके मिश्रा
सीएमएस