गोरखपुर तक दौड़ लगाने से राहत, मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई सुविधा
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन के मेडिकोलीगल की सुविधा शुरू हो गई है। इस व्यवस्था के शुरू होने से पीड़ितों को काफी सहूलियत होगी। इसके लिए अब उन्हें देवरिया से गोरखपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध है। इसकी आन लाइन रिपोर्टिंग होती है। इससे मरीजों इलाज तो हो जाता है, लेकिन पुलिस के मेडिकोलीगल नहीं हो पाता है। हर रोज तीन से चार पीड़ितों को डॉक्टर सीटी स्कैन कराने को कहते हैं, लेकिन उन्हें इसके लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर जाना पड़ता है, जहां रेडियोलाजिस्ट की रिपोर्ट मान्य होती है।
गोरखपुर जाने-आने से समय बर्बाद होता है, वहीं आर्थिक बोझ भी पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए शासन के निर्देश पर व्यवस्था बनाई गई है। अब मेडिकल कॉलेज के पुरुष अस्पताल में तैनात रेडियोलाजिस्ट को सीटी स्कैन आन लाइन रिपोर्ट पर काउंटर साइन की जिम्मेदारी सौंपी गई। हालांकि रेडियोलाजिस्ट को एक्स-रे रिपोर्ट तथा अल्ट्रा साउंड भी करना होता है। यह सुविधा शुरू होने से मेडिकोलीगल कराने में आसानी होगी और पीड़ित को भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं समय व धन की बचत होगी।
-
सीटी स्कैन के मेडिकोलीगल की व्यवस्था शुरू कर दी गई है। रेडियोलाजिस्ट के काउंटर साइन के बाद रिपोर्ट जारी की जाएगी। -डॉ. एचके मिश्रा, सीएमएस