सीडीओ ने की खंड विकास अधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी के साथ समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सीडीओ रवींद्र कुमार ने महात्मा गांधी नरेगा के तहत हर सप्ताह बृहस्पतिवार को विकास खंड के कार्यक्रम अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी के साथ सोशल ऑडिट एवं मनरेगा योजना के तहत महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समीक्षा बैठक में निर्देश दिए। एटीआर अपलोड लंबित मिलने पर छह बीडीओ, कार्यक्रम अधिकारी को नोटिस जारी किया गया।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष-2019-20, 2021-22 व 2022-23 में किए गए सोशल ऑडिट में मिले प्रकरणों की समीक्षा ब्लाॅक वार की गई है। इसमें वित्तीय अनियमितता, वित्तीय विचलन व एटीआर से संबंधित प्रकरण में विकास खंड पथरदेवा में 22, रूद्रपुर में 14, लार में 11, बनकटा में 6, बैतालपुर में 5 एवं गौरीबाजार में 3 एटीआर अपलोड किए जाने के लिए लंबित पाए जाने पर संबंधित खंड विकास अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। साथ ही लंबित प्रकरणों को शीघ्र साक्ष्यों सहित निस्तारण आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
मानव दिवस सृजन में शासन स्तर से अब तक का लक्ष्य 738811 है। इसमें 822806 मानव दिवस का सृजन किया गया है जो लक्ष्य का 111.37 प्रतिशत है। विकास खंड लार एवं देवरिया सदर के माह मई के सापेक्ष भी शतप्रतिशत प्रगति नहीं किए जाने पर संबंधित कार्यक्रम अधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। अमृत सरोवर पर साइट इंस्पेक्शन एप के माध्यम से निरीक्षण किए जाने की समीक्षा में मात्र 50 सरोवरों का ही निरीक्षण किए जाने पर सभी ब्लाॅकों को निर्देश दिया गया कि 10 जून के पहले निरीक्षण कर लें। ऐसा न होने पर कार्रवाई की जाएगी।