गैरहाजिर रहने पर प्रोबेशन अधिकारी को नोटिस
शासन के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों की हुई समीक्षा
321 स्कूलों की नहीं हुई रंगाई-पुताई, एक सप्ताह के अंदर कार्य पूरा कराने के निर्देश
संवाद न्यूज ऐजेंसी
देवरिया। सीडीओ ने सोमवार को विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में न आने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 92 धान क्रय केंद्रों पर धान की कम खरीदारी मिलने पर केंद्र प्रभारियों को चेतावनी देते हुए उप संभागीय विपणन अधिकारी को प्रतिदिन धान क्रय की समीक्षा करने के लिए कहा।
देवरिया-कसया जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, भूमि विकास बैंक की आरसी वसूली मात्र 11.57 प्रतिशत पाई गई। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता को कम वसूली होने के कारण चेतावनी दी। कन्या सुमंगला योजना के प्राप्त आवेदन पत्रों और भेजे गए पत्रों की संख्या में अंतर पाया गया। इस बारे में उपस्थिति प्रतिनिधि द्वारा स्पष्ट उत्तर नहीं दिया गया कि किस स्तर पर लंबित है।
जल जीवन मिशन ग्रामीण में ओवरहैंड टैंक की कार्य की प्रगति बहुत ही धीमी पाई गई। इस पर दोनों कार्यदायी संस्थाओं को नोटिस देते हुए अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण के निर्देश दिए गए। साथ ही पाइपलाइन कार्य तेज करने के लिए कहा गया।
पीएम किसान योजना में आधार सीडिंग शत-प्रतिशत पाई गई। पीएम किसान भू अंकन में 92.34 प्रतिशत प्रगति पाई गई। कौशल विकास मिशन के तहत एसटीटी में प्रशिक्षण प्रदाता पंख परिधि फाउडेंशन व एसएमीडी टेक्नोलॉजी के 216 लक्ष्य के सापेक्ष 108 प्रशिक्षणार्थियों को नामांकित कराया गया है। इसकी प्रगति खराब पाई गई। इसके लिए प्रशिक्षण प्रदाता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए प्रधानाचार्य आईटीआई को निर्देश दिए।
स्कूलों की रंगाई-पुताई की समीक्षा में पाया गया कि विकास खंड बैतालपुर में 34, बरहज में 34, भटनी में 20, भागलपुर में 42, लार में 60, सलेमपुर में 24, देवरिया सदर में 47, भलुअनी में 70 बाकी है। सीडीओ ने कहा कि इससे जाहिर हो रहा है कि खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने एक सप्ताह के अंदर सभी चिह्नित स्कूलों की रंगाई-पुताई का कार्य कराने के निर्देश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए। परिषदीय शिक्षक, शिक्षणेतर कर्मचारियों के प्रान आवंटन में विकास खंड बैतालपुर में 12, देवरिया सदर में 33, गौरीबाजार में 35, सलेमपुर में 9 बाकी हैं। इसके लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को चेतावनी पत्र जारी करने के लिए बीएसए को निर्देशित किया गया।