सलेमपुर। रेलवे कैंपस में बने शापिंग कांप्लेक्स के आवंटियों को रेलवे ने नोटिस भेजा है। पंद्रह दिन के अंदर दुकानें खाली करने को कहा गया है। नोटिस मिलने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि कांप्लेक्स खाली होने के बाद रेलवे नए सिरे से दुकानें आवंटित करेगा।
रेलवे के सहायक मंडल इंजीनियर व सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य ने 18 सितंबर को आवंटियों को नोटिस जारी किया है। कहा है कि रेलवे बोर्ड के मास्टर सर्कुलर के अनुसार जिन लाइसेंस होल्डर के करार की वैधता अवधि समाप्ति हो गई है, उन प्लाटों का आवंटन नीलामी प्रक्रिया के तहत किया जाना है। नोटिस के पंंद्रह दिन के अंदर शापिंग प्लाट खाली करना होगा। खाली नहीं करने पर रेलवे इसे अनधिकृत कब्जा मानकर कार्रवाई शुरू कर देगा। कुछ दुकानदारों ने बताया कि अभी वैधता होने के बाद भी नोटिस दिया गया है। उनकी दुकानें काफी दिनों से आवंटित हैं। मऊ के सीनियर सेक्शन इंजीनियर कार्य दिलीप कुमार ने बताया कि जिनके लाइसेंस की अवधि समाप्ति हो गई है, उन्हें ही नोटिस भेजा गया है। अब नीलामी कर आवंटन किया जाएगा।