बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर के कार्यालय सभागार में बुधवार को एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य सरकार के तरफ से नामित तीन सभासदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उपजिलाधिकारी इटवा कुणाल ने मनोनीत सभासदों को शपथ दिलाते हुए उन्हें उनके कर्तव्यों के प्रति निष्ठा की सीख दी। राज्य सरकार की ओर से सत्य नारायण दुबे, सूर्य मणि चौधरी और राजू कसौधन को नगर पंचायत में सभासद मनोनीत किया गया है। इन तीन नए सदस्यों के शामिल होने के बाद अब नगर पंचायत में सभासदों की कुल संख्या 18 हो गई है। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद जगदंबिका पाल और पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी ने नए सभासदों को बधाई दी। अतिथियों ने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के अनुभव से नगर के विकास कार्यों में और तेजी आएगी। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या, अधिशासी अधिकारी अखिलेश दीक्षित, चेयरमैन अजय गुप्ता, भाजपा नेता सुधीर त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।