नोडल अधिकारी ने परखी कोविड प्रबंधन की व्यवस्था
एमसीएच विंग में हुआ कोविड फुल रिहर्सल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कोविड संक्रमण को देेखते हुए रविवार को कोविड प्रबंधन की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के लिए एमसीएच विंग में कोविड फुल रिहर्सल किया गया। जिले के लिए शासन से नामित नोडल अधिकारी ने यहां के प्रबंधन को परखा। उपकरण सहित अन्य संसाधनों का निरीक्षण किया।
कोविड के बढ़ते प्रसार को देखते हुए शासन के निर्देेश पर नोडल अधिकारी व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी गोरखपुर डॉ. एके चौधरी रविवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचे। यहां प्रभारी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र सिंह, बालरोग विशेषज्ञ आरके श्रीवास्तव, डॉ. एचके मिश्रा के साथ मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला महिला अस्पताल के एमसीएच विंग पहुंचे। यहां एक डमी मरीज एंबुलेंस से आया। पीपीई किट पहने स्वास्थ्य कर्मी उसे स्ट्रेचर से लेकर एग्जामिनेशन एरिया में पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सक, स्टाफ नर्स ने मरीज के बीपी, पल्स, बुखार की जांच की। इसके बाद मरीज की स्थिति को देेखते हुए ऑक्सीजन लगाया और वहां प्रथम तल पर स्थित आईसीयू में शिफ्ट किया गया, जहां मौजूद चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया। नोडल अधिकारी ने एक एक गतिविधियों को देखा।
इसके बाद आईसीयू में वेंटीलेटर, ऑक्सीजन कंसेंट्रेटर की क्रियाशीलता को परखा। साथ ही सेंट्रल पाइन लाइन से की जा रही ऑक्सीजन सप्लाई को देखा। सब सही मिला। उन्होंने इमरजेंसी दवा की जांच की। साथ ही उपकरणों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली और तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से प्रशिक्षण सहित अन्य के बारे में पूछा।
इस दौरान डॉ. तैयब अली, डॉ. विपिन रंजन, डॉ. राजीव झा, डॉ. तारकेश्वर नाथ वर्मा, फार्मासिस्ट सुमंत श्रीवास्तव, राजेश कुमार सिंह, स्टाफ नर्स वंदना, कृति, चांदनी, कविता राय, राजू मौर्या, एलटी विश्वभान सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मी लोकेंद्र यादव, उज्ज्वल पांडेय, रामअशीष आदि मौजूद रहे। उधर, जिले के चार सीएचसी रुद्रपुर, लार, गौरीबाजार व पिपरा दौलाकदम पर भी कोविड फुल रिहर्सल किया गया। इन स्थानों पर पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में क्रमश: एसीएमओ डॉ. संजय चंद, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. एसके चौधरी, डॉ. विनय प्रकाश पांडेय तैनात किए गए थे।
नोडल अधिकारी ऑक्सीजन प्लांट का किया निरीक्षण
देवरिया। नोडल अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने एमसीएच विंग स्थित एक हजार एलपीएम क्षमता के दोनों ऑक्सीजन प्लांट के बारे में पूछा। इसके बाद एक प्लांट का निरीक्षण किया।
फोटो समाचार
कोविड वैक्सीनेशन केंद्रों पर हुआ टीकाकरण
डिप्टी सीएमओ ने जाना हाल, 514 लोगों को दी गई पहली, दूसरी और एहतियाती डोज
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। नगर स्थित कोविड वैक्सीनेशन केंद्रों पर रविवार को टीकाकरण किया गया। जहां कुल 514 लोगों को पहली, दूसरी और एहतियाती डोज लगाई गई। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय चंद ने केंद्रों का हाल जाना।
कोविड के बढ़ते संक्रमण को लेकर अभियान के तहत छूटे लोगों और एहतियाती डोज लगाई जा रही है। चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय पाल की देखरेख में स्वास्थ्य कर्मियों ने नगर पालिका परिसर, जायसवाल धर्मशाला, गौरा, जयनगर प्राथमिक विद्यालय, नयानगर में शिव यादव के दरवाजे पर टीकाकरण कार्य किया। टीकाकरण केंद्रों पर छह माह पूर्व दूसरी डोज लगवाए व्यक्तियों को एहतियाती, जबकि छूटे लोगों का भी टीकाकरण किया गया।
दूसरी ओर महेन पीएचसी स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा अभियान के तहत टीकाकरण किया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय चंद ने अचानक दो पहिया वाहन से केंद्रों पर पहुंच निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को अधिक से अधिक टीकाकरण करने के लिए सख्त हिदायत दी गई है। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।