रुद्रपुर/देवरिया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की हत्या में दर्ज केस में पुलिस फाइनल रिपोर्ट लगाने की तैयारी में है। ऐसा इसलिए कि फतेहपुर गांव में हुए सामूहिक हत्याकांड में नामजद कोई भी आरोपी अब जिंदा नहीं है। इसके चलते पुलिस केस को बंद करेगी। इस मामले में सत्यप्रकाश दूबे, उनकी पत्नी, दो बेटियों और एक पुत्र पर हत्या का आरोप लगाया गया है। ये लोग भी इस हत्याकांड के शिकार हो गए थे।
रुद्रपुर कोतवाली इलाके के फतेहपुर गांव में छह लोगों की हत्या के बाद दो केस दर्ज हुए थे। इसमें अनिरुद्ध यादव की तहरीर पर प्रेम की हत्या के मामले में सत्यप्रकाश दूबे, उनकी पत्नी किरन दूबे, बेटी सलोनी और नंदनी व पुत्र गांधी दूबे के खिलाफ बलवा, मारपीट और हत्या का केस दर्ज हुआ था। इस मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक रुद्रपुर कोतवाली कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों केस की विवेचना शुरू हो गई है। इसमें प्रेम की हत्या का कोई आरोपी जीवित नहीं है। इसके कारण पुलिस इस मामले में न तो कोई गिरफ्तारी कर सकती है और न ही आगे की कार्रवाई। पर कानूनी तौर पर पूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
ऐसे में पुलिस आने वाले समय केस नंबर 415/2023 की विवेचना में फाइनल रिपोर्ट लगाएगी। इस मामले में मृत आरोपियों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट साक्ष्य के रूप में लगाई जाएगी। फाइनल रिपोर्ट लगाकर केस को बंद किया जाएगा और न्यायालय के समक्ष पुलिस प्रेषित कर देगी, ताकि इसमें आगे कोई मुकदमा भी नहीं चल सके। इसकी तैयारी विवेचक ने शुरू कर दी है। एएसपी ने बताया कि जब सभी आरोपी मृत हैं तो केस में फाइनल रिपोर्ट लगाई जाएगी।