नकईल गांव में चिकन पॉक्स के प्रकोप से लोगों में दहशत है। यहां करीब 70 लोग बीमार चल रहे हैं। गांव वालों के अनुसार गांव के हर परिवार में चेचक का मरीज मिल रहा है। सोमवार को बीमारी के फैलने की सूचना पर सीएचसी की टीम ने गांव का दौरा किया। उन्होंने गंभीर रूप से बीमार तीस लोगों में दवा वितरित की। मेडिकल टीम ने गांव में साफ सफाई की व्यवस्था पर ध्यान देने को कहा।गांव में एक सप्ताह से चेचक का प्रकोप चल रहा है। यहां लोगों को चिकन पॉक्स तेजी से फैल रहा है। बीमारी से गांव के शिवकुमार, अंकित, तृष्णा, राहुल, प्रेमलता, सर्वेश, आदित्य, सरोज, खुश्बू भारती, राजनदंनी, उर्मिला, सरिता मद्धेशिया सहित करीब 70 लोग ग्रसित है। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. आरपी यादव के साथ बीएचडब्लू सर्वेश यादव और चिकित्साधिकारी डॉ. उमाशंकर जायसवाल गांव का दौरा किया। उन्होंने बताया कि गांव में चिकन पॉक्स से लोग संक्रमित पाए गए। गांव वालों के अनुसार बीमारी के तेजी से फैलने से लोग दहशत में है। चिकित्सकों की टीम ने बीमार लोगों में दवा बांटी। उन्होंने कहा कि गांव स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में है। एक सप्ताह में बीमारी पर काबू पा लिया जाएगा। चिकन पॉक्स से पीड़ित परिवारों को साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने नियमित दवा लेने की नसीहत दी। चिकित्सकों ने चेचक प्रभावित लोगों को झाड़-फूक से बचने की सलाह दी। पूर्व बीडीसी सदस्य बिजेंद्र सिंह ने गांव में तेजी से फैल रही बीमारी के मद्देनजर सीएमओ से मेडिकल टीम के गांव में कैंप करने की मांग की।