बिलरुआ गांव में प्रेमिका की हत्या और प्रेमी को जख्मी करने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। समीपवर्ती बिहार प्रान्त के बिलरुआ गांव में हुई प्रेमिका की हत्या और प्रेमी को जख्मी मामले में ऑनर किलिंग की बात पुलिस की जांच में आ रही है। पुलिस मृतक प्रेमिका, प्रेमी और हिरासत में लिए तीनों आरोपियों समेत पांच का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है।
सीडीआर पड़ताल में घटना से ठीक पहले प्रेमी के मोबाइल पर एक नंबर से कई बार बात हुई है। वह नंबर किसका है, पुलिस उस संदिग्ध की तलाश कर रही है। वहीं, घायल प्रेमी नितेश की गोरखपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने बुधवार की रात गले और पेट की सर्जरी की। परिजनों की मानें तो ऑपरेशन के बाद नितेश की हालत में सुधार हुआ है। ऐसे में पुलिस ने नितेश से किसी के मिलने पर रोक लगा दिया है। अस्पताल में पुलिस के पहरे के बीच डॉक्टर घायल का इलाज कर रहे हैं।
बिहार प्रान्त के बिलरुआ गांव में सोमवार की रात आरोपियों ने अर्चना कुमारी की गला काट कर हत्या कर दी। साथ ही नितेश को भी चाकू से मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। विजयीपुर पुलिस की जांच में मामला ऑनर किलिंग से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस युवती के परिजनों को हिरासत में लेकर घटना के मुख्य चश्मदीद गवाह नितेश को बचाने में जुटी है। पुलिस सूत्रों की मानें तो घटना से ठीक पहले एक अंजान नंबर से नितेश की कई बार बात हुई है। जबकि घटना के बाद मोबाइल स्विच ऑफ है। फोन करने वाला कौन है और इसमें उसकी क्या भूमिका है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
इस संबंध में हथुआ पुलिस पदाधिकारी आनंद मोहन गुप्त ने बताया कि युवती की हत्या और युवक पर जानलेवा हमला के आरोपियों की पहचान करने की कोशिश चल रही है। जांच में ऑनर किलिंग का मामला आने के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।