भाटपार रानी। नगर के चिक टोली में टैक्सी स्टैंड के पास भाटपार रानी फुलवरिया रोड पर सोमवार को दोपहर एक किशोर बाइक की चपेट में आ गया। घायलावस्था में आसपास के लोगों ने उसे भाटपार रानी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बनकटा थाना के ग्राम कोठा निवासी अजीत ठाकुर का नौ वर्षीय पुत्र अनमोल ठाकुर मां के साथ भाटपार रानी अस्पताल पर इलाज कराने आया था। घर जाते समय भाटपार रानी के चिकटोली वार्ड में सामने से तेज गति से आ रही एक बाइक की चपेट में वह आ गया, जिससे उसका बायां पैर टूट गया तथा सिर में गंभीर चोट आई। लोगों ने उसे भाटपाररानी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष दिलीप पांडे ने बताया है कि घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची। अभी कोई तहरीर नहीं आई है। संवाद