- बोर्ड की बैठक में वार्ड नंबर-सात की सभा बोलीं
- नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में विकास कार्य का खींचा गया खाका
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर पंचायत के सभागार में मंगलवार को चेयरमैन श्रीराम यादव की देखरेख में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें नगर के जर्जर तारों को बदलने तथा बांस के सहारे दिए गए कनेक्शन के लिए नई बस्ती में खंभे लगाए जाने के साथ सभासदों ने विकास कार्य कराए जाने के लिए प्रस्ताव रखा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव ने शासन द्वारा नगर विकास के लिए मिले बजट को रखा, तथा नगर में हो रहे निर्माण कार्यों को समय सीमा के तहत कराए जाने की बात कही। सभासद अशोक गुप्ता ने कहा कि सब्जी मंडी में शौचालय के पास अतिक्रमण होने के चलते लोगों को शौचालय जाने में दिक्कतें हो रही हैं। वहीं वार्ड-सात की सभासद सीमा देवी ने कहा कि नगर में बहुत सी ऐसी नई काॅलोनियां हैं, जिसमें लोगों को बिजली कनेक्शन तो उपलब्ध करा दिया जा रहा है, लेकिन खंभा व तार नहीं पहुंचाया जा रहा है। इसके चलते बांस बल्लियों के सहारे दिए गए कनेक्शन से हमेशा खतरा रहता है।
वहीं अन्य सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों में होने वाले सड़क‚ नाली का प्रस्ताव दिया। इसके साथ ही वित्तीय वर्ष के अनुमानित बजट की पुष्टि पर विचार किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव ने सभासदों के सुझाव को गंभीरता से लिया। कहा कि नगर को विकास की गति देने में आप सभी का सहयोग चाहिए। गणतंत्र दिवस को लेकर नगर पंचायत विशेष तैयारी में जुटी है।
ईओ हिमांशु प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों द्वारा दिए गए प्रस्ताव को वरीयता क्रम में बजट की उपलब्धता पर पूरा कराए जाने का आश्वासन दिया। बैठक में सभासद तेज प्रताप पांडेय‚ वीरेंद्र यादव‚ योगेश यादव, हरिश्चंद्र प्रसाद‚ इमला देवी‚ कर्मबीर रौनियार‚ कविता देवी, कमला देवी‚ दीपक सैनी‚ जोया अख्तर‚ सूर्य नारायण, शहवाज आलम, प्रदीप यादव के अलावा लिपिक अंजनी सिंह‚ मोनू मिश्र आदि उपस्थित रहे।