चनुकी। लार क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर हुई दो हत्याएं नवागत थानेदार के लिए सिर दर्द बन गई है। पुलिस विवाहिता के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी में लगी थी, इसी बीच मेहरौना में शराब की दुकान के पास भूजा बेचने वाले युवक की हत्या कर दी गई। एसओ महेंद्र कुमार ने पुलिस टीम के साथ आधा दर्जन स्थानों पर दबिश दी, मगर कुछ भी हाथ नहीं लग सका। सूत्रों की मानें तो पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। आरोप है कि 30 अगस्त की रात रावतपार निवासी अनिता चौहान की ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी थी। शव को बाइक से श्मशान घाट ले जाकर दाह संस्कार भी कर दिया। उधर, राजू पाल हत्याकांड को लेकर गांव वालों ने सड़क पर शव रख कर रामजानकी मार्ग जाम कर दिया था। सीओ सलेमपुर मनोज कुमार ने बताया कि जल्द दोनों वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद