शहर में नगर पालिका की टीम ने सड़कों से हटवाया अतिक्रमण, भेदभाव के लगे आरोप
देवरिया। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बृहस्पतिवार को सड़कों से अतिक्रमण हटाया गया। नगर पालिका प्रशासन की टीम ने चाय-पान की गुमटियों और ठेले पर बुलडोजर चलवा दिया तो वहीं कुछ दुकानदारों को हिदायत देते हुए टीम आगे बढ़ गई। मेडिकल कॉलेज रोड दवा की दुकानों को छोड़ दिया गया ठेले वालों और चाय के दुकानदारों की गुमटियां तोड़ दी गईं। यही हाल सिविल लाइंस में भी रहा। कार्रवाई में भेदभाव का आरोप लगाते हुए कुछ ठेले-गुमटी वालों ने नगर पालिका प्रशासन की टीम से नोकझोंक की।
शहर के मुख्य बाजारों से मोहल्लों तक अधिकांश सड़कें अतिक्रमण की जद में हैं। इसकी वजह से शहर में जाम की समस्या आम हो गई है। बृहस्पितवार को सिविल लाइंस, गोरखपुर रोड, मातृ छाया रेस्टोरेंट से सार्वजनिक शौचालय टाउन हाल तक और रुद्रपुर तिराहे के पश्चिमी पटरी से अतिक्रमण हटवाया गया। वहीं मालवीय रोड पर सड़क के किनारे लगे ठेले-खुमचे भी हटवाए गए। सिंचाई विभाग चौराहे पर सड़क किनारे चाय की दुकानों को छोड़ पटरी पर बनी झुग्गी-झोपड़ियां बुलडोजर से तोड़ दी गईं।
मेडिकल कॉलेज रोड से पुलिस लाइन जाने वाले मार्ग से लेकर बस स्टैंड चौराहा तक सड़क की दोनों पटरियों पर चाय, पान, कपड़े की दुकानें और मेडिकल स्टोर संचालित हैं। यहां भी चाय की दुकान लगाने वालों की गुमटियां तोड़ दी गईं। आरोप है कि ठेले पर बनी दुकानों को पहले ही कर्मचारियों ने इशारा कर हटवा दिया था। वहीं दक्षिण पटरी पर नाले पर स्थित मेडिकल स्टोर नहीं हटाए गए। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने नगर पालिका कर्मचारियों पर भेदभाव का आरोप लगाया जिसे लेकर नोकझोंक भी हुई। इस रास्ते से गुजर रहे लोगों ने भी नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कोतवाली रोड पर भी नगर पालिका की टीम की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
00अतिक्रमण की जद में मिले ठेले-गुमटियां जब्त
नगर पालिका प्रशासन के अलावा राजस्व कर्मियों भी अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए गए अभियान में शामिल की गई थी। सुबह साढ़े पांच बजे से अतिक्रमण हटवाने का अभियान शुरू हुआ। बृहस्पतिवार को अतिक्रमण की जद में मिले 30 ठेले, 25 गुमटियां, 32 साइन बोर्ड और सात लोहे के चैनल जब्त किए गए। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण न करें।
00
सड़कों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। अतिक्रमण हटाने में किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाता है। मेडिकल कॉलेज रोड पर दवा के दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई है। नहीं मानने पर कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ गुमटियां टूट गईं, जानबूझ कर किसी का नुकसान नहीं किया गया।
- रोहित सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद, देवरिया