अल्टीमेट खो-खो लीग में राजस्थान वॉरियर्स की ओर से खेलेंगे मुकेश
आईपीएल की तर्ज पर हो रहा अल्टीमेटम खो-खो लीग, छह टीमें होंगी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। आईपीएल की तर्ज पर भारतीय खो-खो महासंघ की ओर से पहली बार अगले माह आयोजित होने जा रहे अल्टीमेट खो-खो लीग में राजस्थान की ओर से देवरिया के मुकेश मौर्य भी खेलते नजर आएंगे। वह कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लीग में कुल छह टीमें भाग ले रही हैं।
पुणे में 14 अगस्त से चार सितंबर तक आयोजित होने वाले अल्टीमेटम लीग में मुंबई खिलाड़ी, राजस्थान वॉरियर्स, तेलुगु योद्धाज, ओडिसा जगरनात्स, चेन्नई क्विक गन, गुजरात जिएंटस टीमें बनाई गई हैं। खिलाड़ियों की ग्रेडिंग के बाद राजस्थान वॉरियर्स ने देवरिया के मुकेश मौर्या को अपनी टीम में चुना है।
सिरजम निवासी किसान रामवृक्ष मौर्य की चार संतानों में सबसे छोटे एवं 11वीं के छात्र मुकेश आठ साल से खो-खो खेल रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय सिरजम के खेल मैदान पर ही सीनियर खिलाड़ी अंबरीष पटेल व प्रशिक्षक अवनीश पटेल की देखरेख में उन्होंने खेल की बारीकियों को सीखा। बेहतर प्रदर्शन की बदौलत वह चार सब जूनियर, चार सब जूनियर नेशनल, एक सीनियर नेशनल खेल चुके हैं। एक सब जूनियर नेशनल व पिछले साल देवरिया में हुए स्कूल गेम्स में यूपी टीम से खेलते हुए रजत पदक जीत चुके हैं। 14 जुुलाई को लगी बोली में उन्हें राजस्थान वॉरियर्स ने पांच लाख रुपये में खरीदा है।
इसके पूर्व वह इस लीग के कैंप में भी चुने गए थे। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर टीम में उनका चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही राजस्थान वॉरियर्स का पुणे में ही तैयारी कैंप लगेगा। लीग के लिए सभी चयनित खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर हो, इसके लिए सभी मेहनत कर रहे हैं।
देवरिया के खिलाड़ी का चयन होना बड़ी उपलब्धि
उत्तर प्रदेश एमेच्योर खो-खो एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव एवं जिला सचिव शिवानंद नायक ने शनिवार को बताया कि पहली बार खो-खो में लीग का आयोजन हो रहा है। इसमें एक टीम ने देवरिया के होनहार खिलाड़ी का चयन किया है। मुकेश अपने प्रदर्शन के बल पर क्षेत्र व जिले का मान पुणे में बढ़ाएंगे। जल्द ही संघ की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा।