सलेमपुर। बिजली कटौती से परेशान लोगों ने मंगलवार को राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम से सिंचाई विभाग डाक बंगले पर मुलाकात की। कहा- मंत्री जी सलेमपुर की जनता को चार दिन से बिजली नहीं मिल रही है। जिम्मेदार न तो फोन उठा रहे हैं और न ही कोई उपकेंद्र व एक्सईएन दफ्तर पर मिलता है। आप ही बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए कुछ करिए। लोगों की समस्या को सुन राज्यमंत्री ने पास बैठे निगम के एससी और अन्य कर्मचारी पर नाराज हो गईं। बोलीं आप लोग की वजह से सलेमपुर की जनता को चार दिन से बिजली नहीं मिल रही है। सोचिए कि आप लोगों को बिजली नहीं मिलेगी तो कैसे रहेंगे। राज्यमंत्री ने जनहित का मुद्दा बताते हुए निगम के एससी से बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल कराकर टाउन जेई रामाशीष राम को हटाने को कहा।
बिजली निगम के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते सलेमपुर में बिजली को लेकर उपभोक्ता परेशान हैं। बिजली आपूर्ति नहीं मिलने के चलते सोमवार की देर रात तक लोग विद्युत उपकेंद्र पर जमे रहे, लेकिन विभाग के जिम्मेदार एक-दूसरे पर खेलते रहे और आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। मंगलवार की सुबह से ही लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास कर रहे थे। इसी बीच लोगों को पता चला कि राज्यमंत्री सिंचाई विभाग डाक बंगला पर बिजली निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर रही हैं। सैकड़ों की तादाद में नगर के लोग डाक बंगला पहुंचे, जहां राज्यमंत्री से मुलाकात की और चार दिन से बिजली आपूर्ति न मिलने की समस्या उनके सामने रखी। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव ने कहा कि बिजली निगम चेकिंग के नाम पर धन उगाही का काम करता है। कुछ दिन पूर्व सोहनाग रोड के 11 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का फर्जी मुकदमा लिखवाया है, जो ठीक नहीं है। लोगों की बात सुन निगम के एससी दंग रह गए। राज्यमंत्री ने एससी समेत अन्य कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए दो घंटे के अंदर सलेमपुर की बिजली आपूर्ति बहाल कराने के साथ डाउन जेई रामाशीष राम को तत्काल सलेमपुर से हटाने को कहा। राज्यमंत्री की फटकार और लोगों का तेवर देख निगम के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए कार्य शुरू कर दिया। देर शाम कुछ मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
.......
छह मोहल्ले को टाउन फीडर से जोड़ने के लिए चेयरमैन ने राज्यमंत्री को सौंपा पत्रक
सलेमपुर। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव ने सभासदों के साथ मंगलवार को राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम को पत्रक सौंपा। बताया कि सलेमपुर नगर पंचायत के छह वार्ड के लोग बिजली का बिल शहर का जमा करते हैं, जबकि उन्हें देहात फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती है। उन्होंने सभी वार्डों को डाउन फीडर से जुड़वा कर बापू इंटर कॉलेज और स्टेशन रोड में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की।
जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने निगम के एससी से बात कर तत्काल बापू इंटर कॉलेज और स्टेशन रोड में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर धन का अभाव बताकर विभाग टरकाता है तो मैं अपनी निधि से दोनों जगहों का ट्रांसफार्मर लगवा दूंगी। लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही टाउन फीडर से वार्ड नंबर एक भरौली, भटवा धर्मपुर, वार्ड नंबर दो पिपरा नाजिर, वार्ड नंबर पांच हरैया लाला, वार्ड नंबर छह इचौना पूर्वी, वार्ड नंबर आठ हरैया लाला पश्चिमी को टाउन फीडर से संचालित करा दिया जाएगा। यहां के लोगों को भी अब शहर की बिजली मिलेगी। पत्रक देने वालों में सभासद अशोक गुप्ता, शाहबाज आलम, हरिश्चंद्र, सोनू पांडेय, योगेश यादव, दीपक सैनी, प्रवीण पांडेय, राहुल सिंह, सोनू सिंह आदि शामिल रहे। संवाद