जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे जिला क्रिकेट लीग में शॉट लगाता खिलाड़ी।संवाद
देवरिया क्रिकेट लीग के चौथे चरण के तीसरे मुकाबले में मसीहा अंसारी बने मैन ऑफ द मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में आयोजित देवरिया क्रिकेट लीग के अंतर्गत खेलेे गए मुकाबले में एमपी क्लब पथरदेवा ने लायंस डेन एकेडमी मझौलीराज को 98 रन से करारी शिकस्त दी। शानदार प्रदर्शन कर जीत में अहम योगदान देने वाले मसीहा अंसारी को मैन ऑफ चुना गया।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम मझौलीराज के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 35 ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज पथरदेवा की टीम 34वें ओवर में 217 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसमें फैजान अंसारी और राहुल मद्धेशिया ने 48-48, सुहेल अंसारी 28, नैमतुल्लाह 21 तथा सादिक और अफसर ने क्रमश: 15 - 15 रनों का योगदान किया। मझौलीराज की तरफ से गेंदबाजी करते हुए अमरजीत और सुबोध ने क्रमश: दो-दो विकेट तथा रितिक, अभिनव एवं अंश ने क्रमश:एक -एक विकेट हासिल किया। जवाब में उतरी मझौलीराज टीम 21 में ओवर में ही मात्र 120 रन पर सिमट गई। इसमें अमरजीत पांडेय 18, अभिनंदन 12 तथा ओमजी मिश्रा ने 10 रन का योगदान किया। एमपी क्लब कॉलेज पथरदेवा की तरफ से गेंदबाजी करते हुए मसीहा अंसारी एवं नितेश यादव ने क्रमश: तीन-तीन विकेट तथा सादिक एवं फैजान ने क्रमश एक-एक विकेट प्राप्त किया। शानदार गेंदबाजी करने वाले एमपी क्लब पथरदेवा के गेंदबाज मसीहा अंसारी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नागेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि लीग में आगे का मैच 12 जून के बाद फिर से शुरू किया जाएगा। अंपायर अंश कुमार राव एवं आयुष्मान त्रिपाठी तथा स्कोरर की भूमिका अमन कुमार द्विवेदी ने निभाई। इस दौरान देवरिया क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव अभिजीत शुक्ला, वरिष्ट संयुक्त सचिव कलाम खान, राघवेंद्र प्रताप सिंह, शाने हबीब, विशाल यादव, शिवम शुक्ला सहित अन्य सीनियर खिलाड़ियों ने विजयी टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।