बरहज। सरयू नदी पार परसियां देवार घाट पर मंगलवार की देर शाम हाथ-पैर धोते समय मां-बेटी डूबने लगीं। यह देख वहां मौजूद लोगों ने महिला को बचा लिया, लेकिन बेटी गहरे पानी में चली गई। बुधवार को एसडीआरएफ टीम व पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के तरकुलहवां सिसवां निवासी गिरिजा देवी (50) पत्नी देवेंद्र और उनकी बेटी गुड़िया (17) नदी तट पर देर शाम हाथ-पैर धुल रहीं थीं। इसी बीच पैर फिसल जाने से गुड़िया गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए मां भी नदी में कूद पड़ी और दोनों डूबने लगीं। दोनों को नदी में डूबता देख कुछ लोग शोर मचाने लगे। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गिरिजा को बचा लिया, लेकिन गहरे पानी में चले जाने के कारण गुड़िया लापता हो गई। बुधवार को एसडीआरएफ टीम स्थानीय पुलिस के साथ बरहज से पैना तक नदी में तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। किसी अनहोनी को लेकर परिजन सशंकित हैं। जबकि मां गिरिजा देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी थानाध्यक्ष सदानंद यादव ने बताया कि किशोरी की तलाश कराई जा रही है।