नेत्र सर्जन अब एक दिन में 25 से ज्यादा मरीजों के ऑपरेशन नहीं कर सकेंगे। बाराबंकी और गाजियाबाद में आपरेशन के दौरान मरीजों की आंख की रोशनी जाने की घटनाओं का शासन ने संज्ञान लिया है। दो दिन पूर्व शासन ने सभी सीएमओ को पत्र लिखकर यह आदेेश दिया है। अंधता निवारण कार्यक्रम के तहत अभी तक प्रतिदिन जितने भी मरीज आते थे, विभागीय लोग उनको भर्ती कर लेते थे। जांच के बाद नेत्र सर्जन जरूरतमंद मरीजों का ऑपरेशन कर देते थे। देवरिया के एक नेत्र सर्जन तो एक दिन में 100 से ज्यादा आंखों के ऑपरेशन किए थे। इसके लिए विभाग की ओर से उन्हें सम्मानित भी किया गया था। पर अब ऐसा नहीं हो सकेगा, बाराबंकी और गाजियाबाद में ऑपरेशन के बाद मरीजों की रोशनी जाने के बाद शासन ने निर्णय लिया है कि एक डॉक्टर प्रतिदिन 25 से ज्यादा ऑपरेशन नहीं करेगा। दो दिन पूर्व यह आदेश सभी सीएमओ के लिए जारी कर दिया गया है। शासन का पत्र मिलने के बाद कर्मचारी अब यहां प्रतिदिन 20 से 25 मरीजों का ही नंबर लगा रहे हैं। इसके बाद आने वाले मरीजों को अगले दिन बुलाया जा रहा है।